Updated On: 14 Oct, 2025

नीतीश कुमार के आवास पर बगावत का माहौल, टिकट बंटवारे से नाराज JDU नेताओं ने किया प्रदर्शन

बिहार की सियासत में चुनावी हलचल के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लिए नया सिरदर्द खड़ा हो गया है। टिकट बंटवारे को लेकर JDU नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी देखी जा रही है। सोमवार को पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास के बाहर बड़ी संख्या में नाराज JDU नेता धरने पर बैठ गए, जिससे सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
सूत्रों के मुताबिक, भागलपुर के गोपालपुर सीट से पूर्व विधायक गोपाल मंडल सबसे पहले आवास के बाहर पहुंचे और उन्होंने पार्टी नेतृत्व के खिलाफ खुलेआम विरोध शुरू किया। उनका आरोप है कि “पार्टी में षड्यंत्र के तहत मेरा टिकट काटा गया और अब मुख्यमंत्री मुझसे मिलने तक नहीं दे रहे।” धीरे-धीरे अन्य जिलों से भी असंतुष्ट नेता धरने में शामिल होने लगे।
धरना स्थल पर सहरसा की सोनबरसा सीट से विधायक और मंत्री रत्नेश सदा भी पहुंचे, जिनकी सीट हाल ही में चिराग पासवान की LJP को दी गई है। इसी तरह दरभंगा, कुर्था और नबीनगर के कई कार्यकर्ता और स्थानीय नेता भी टिकट वितरण के विरोध में जुट गए। मौके पर पुलिस ने आवास के चारों ओर रस्सियां और बैरिकेडिंग लगाकर सुरक्षा बढ़ा दी है ताकि कोई अप्रिय स्थिति न बने।
बिहार NDA में सीटों का बंटवारा हाल ही में दिल्ली में हुआ था, जिसमें भाजपा और JDU को 101-101 सीटें, LJP को 29, जबकि RLM और HAM को 6-6 सीटें मिली हैं। लेकिन JDU के भीतर कई वरिष्ठ नेताओं को यह फैसला रास नहीं आया। कई नेताओं का मानना है कि इस बार JDU को “कम आंका गया” और पार्टी के पुराने चेहरों को नजरअंदाज किया गया है।
राजनीतिक गलियारों में अब यह सवाल उठने लगा है कि क्या ये बगावत महज़ आंतरिक असंतोष है या फिर नीतीश कुमार की पार्टी में बड़े विद्रोह की शुरुआत? बिहार चुनावी मौसम में यह विरोध निश्चित रूप से NDA के लिए सिरदर्द बनता दिख रहा है।