दीपावली पर खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्ती — फूड इंस्पेक्टर आर.के. सोनी ने मिठाई प्रतिष्ठानों का किया औचक निरीक्षण
दीपावली पर्व नजदीक आने के साथ ही खाद्य सुरक्षा विभाग सक्रिय हो गया है। त्यौहार के सीजन में मिलावटी खाद्य पदार्थों की रोकथाम और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए फूड इंस्पेक्टर श्री आर.के. सोनी द्वारा विभिन्न प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण किया गया।
इस दौरान जनपद पंचायत जयसिंहनगर एवं ब्यौहारी क्षेत्र में स्थित बीकानेर स्वीट्स, और बताओ रेस्टोरेंट, अमन डेरी एंड स्वीट्स, अजय डेरी एंड स्वीट्स, महालक्ष्मी स्वीट्स सहित अन्य प्रतिष्ठानों में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था और उत्पादन प्रक्रिया की गहन जांच की गई। निरीक्षण के दौरान दुकानों में रखी मिठाइयों, डेयरी उत्पादों और पैक्ड खाद्य सामग्री का भौतिक परीक्षण किया गया।
इसी क्रम में धनपुरी एवं बुढार क्षेत्र के प्रमुख मिठाई प्रतिष्ठानों बीकानेर स्वीट्स, मिठास टेस्ट ऑफ बंगाल, अंकुर स्वीट्स, शुभम स्वीट्स, श्याम मिष्ठान, जोधपुर स्वीट्स में भी जांच की गई। श्री सोनी ने दुकानदारों को त्यौहार के मौसम में स्वच्छता और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि मिठाइयों में मिलावट स्वास्थ्य के लिए घातक सिद्ध हो सकती है, इसलिए उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं सुरक्षित उत्पाद ही उपलब्ध कराए जाएं।
निरीक्षण के दौरान टीम द्वारा मिठाइयों की गुणवत्ता जांचने के लिए मिल्क केक, खोवा कतली, खोवा, बेसन लड्डू, तथा कैडबरी सेलिब्रेशन के सैंपल एकत्र किए गए। ये सभी नमूने खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजे गए हैं, जहां इनकी वैज्ञानिक जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी नमूने में मिलावट या मानक से विचलन पाया जाता है, तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
श्री आर.के. सोनी ने स्पष्ट कहा कि दीपावली पर्व पर बढ़ी हुई मांग को देखते हुए कई बार व्यापारी अधिक लाभ के लिए घटिया सामग्री का उपयोग करते हैं, लेकिन विभाग ऐसे तत्वों पर सख्त नजर रखे हुए है। उन्होंने दुकानदारों को चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की मिलावट या गंदगी पाए जाने पर लाइसेंस निलंबित किया जाएगा और जुर्माना भी लगाया जाएगा।
फूड इंस्पेक्टर ने उपभोक्ताओं से भी अपील की कि वे मिठाई खरीदते समय निर्माण तिथि, शुद्धता और प्रतिष्ठान की साफ-सफाई पर ध्यान दें। यदि उन्हें किसी प्रकार की मिलावट का संदेह हो तो तत्काल खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना दें।
👉 विभाग का यह अभियान दीपावली तक जारी रहेगा, ताकि त्योहार के दौरान जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।

Leave a Reply