अनूपपुर जिले का बढ़ा मान – नीति आयोग ने पुष्पराजगढ़ ब्लॉक को राष्ट्रीय प्रशंसा पुरस्कार से नवाजा
अनूपपुर जिले के लिए गर्व का क्षण है कि पुष्पराजगढ़ ब्लॉक ने एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है। नीति आयोग द्वारा आयोजित “NITI for States – Use Case Challenge 2024” में पुष्पराजगढ़ ब्लॉक को राष्ट्रीय प्रशंसा पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान स्वास्थ्य एवं पोषण श्रेणी के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं तक गुणवत्तापूर्ण पोषण व स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचाने में किए गए नवाचारी प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
यह पुरस्कार देशभर से आई सैकड़ों प्रविष्टियों में से चयनित 235 में पुष्पराजगढ़ ब्लॉक को प्राप्त हुआ है। ब्लॉक को यह उपलब्धि उसकी मजबूत टीम भावना, जमीनी स्तर पर किए गए नवाचार और सतत प्रयासों का परिणाम है। गर्भवती महिलाओं की पोषण स्थिति सुधारने, एनीमिया नियंत्रण और समय पर चिकित्सकीय निगरानी सुनिश्चित करने जैसे क्षेत्रों में ब्लॉक प्रशासन ने उल्लेखनीय कार्य किया है।
इस उपलब्धि पर कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने पूरी टीम को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि —
> “यह सम्मान न केवल पुष्पराजगढ़ ब्लॉक बल्कि पूरे अनूपपुर जिले के लिए गर्व का विषय है। स्वास्थ्य एवं पोषण के सभी सूचकांकों में निरंतर सुधार हमारा लक्ष्य है, ताकि जिले की हर गर्भवती महिला को समय पर गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिल सकें।”
जिला प्रशासन के मार्गदर्शन और स्थानीय अधिकारियों की प्रतिबद्धता ने यह सिद्ध कर दिया कि यदि योजनाओं को नवाचार और निष्ठा के साथ लागू किया जाए तो उत्कृष्ट परिणाम संभव हैं। नीति आयोग से प्राप्त यह राष्ट्रीय सम्मान जिले के स्वास्थ्य एवं पोषण क्षेत्र में एक नया मानक स्थापित करता है और अन्य जिलों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।
पुष्पराजगढ़ ब्लॉक की यह सफलता न केवल जिले की पहचान को नई ऊँचाई देती है, बल्कि यह प्रमाण है कि सरकारी तंत्र और जमीनी स्तर पर समर्पित अमले की साझेदारी से समाज में वास्तविक बदलाव लाया जा सकता है।

Leave a Reply