Updated On: 19 Oct, 2025

हीथर नाइट का कमाल: भारत के खिलाफ पहला शतक, वनडे वर्ल्ड कप में रचा इतिहास

महिला वनडे विश्व कप 2025 में इंग्लैंड की अनुभवी बल्लेबाज हीथर नाइट ने भारत के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपने वनडे करियर का तीसरा और इस टूर्नामेंट का दूसरा शतक जड़ा। नाइट ने यह शतक महज 86 गेंदों में पूरा किया और 109 रन की जबरदस्त पारी खेली। यह शतक भारत के खिलाफ उनका पहला और वनडे विश्व कप में दूसरा है।

मैच की शुरुआत में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। 73 रन के स्कोर पर टैमी ब्यूमोंट (22) के आउट होने के बाद नाइट क्रीज पर आईं। उन्होंने पहले एमी जोन्स (56) के साथ 25 रन और फिर कप्तान नेट साइवर-ब्रंट (38) के साथ 113 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। अपनी पारी के दौरान नाइट ने 15 चौके और 1 छक्का लगाया। वह 91 गेंदों पर 109 रन बनाकर आउट हुईं।

इस बेहतरीन प्रदर्शन के साथ ही हीथर नाइट ने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। उन्होंने 34 साल और 297 दिन की उम्र में यह शतक जड़कर इंग्लैंड के लिए वनडे क्रिकेट में शतक बनाने वाली दूसरी सबसे उम्रदराज महिला बल्लेबाज बनने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। उनसे पहले जेनेट ब्रिटिन ने 1997 विश्व कप में 38 साल की उम्र में पाकिस्तान के खिलाफ 138 रन बनाए थे।

यह मैच नाइट के करियर का 300वां अंतरराष्ट्रीय मुकाबला भी रहा, जिसे उन्होंने खास अंदाज में मनाया। उनके करियर के आंकड़ों पर नजर डालें तो नाइट ने अब तक 14 टेस्ट, 154 वनडे और 132 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। उन्होंने टेस्ट में 2 शतक, वनडे में 3 शतक और टी-20 में 1 शतक जड़ा है। वनडे में उन्होंने 4,272 रन बनाए हैं, जिसमें 27 अर्धशतक भी शामिल हैं।

हीथर नाइट ने 2010 में भारतीय टीम के खिलाफ ही वनडे करियर की शुरुआत की थी। अब तक उन्होंने वनडे में 36.20 की औसत और 73.21 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। साथ ही वह गेंदबाजी में भी योगदान देती आई हैं, और अब तक 56 विकेट हासिल कर चुकी हैं।