अयोध्या दीपोत्सव 2025: 26 लाख दीपों से सजी रामनगरी, बना वर्ल्ड रिकॉर्ड, गूंजा 'जय श्रीराम'
रामनगरी अयोध्या ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। दीपोत्सव 2025 के अवसर पर राम की पैड़ी और सरयू तट पर 26 लाख 11 हजार 101 दीपक जलाकर नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया। दिव्य रोशनी से जगमगाते घाट, भक्तिमय वातावरण और "जय श्रीराम" के उद्घोषों ने इस ऐतिहासिक रात को अविस्मरणीय बना दिया।
इस वर्ष का दीपोत्सव ना सिर्फ दीयों की संख्या में अभूतपूर्व रहा, बल्कि आयोजन की भव्यता ने देश-दुनिया का ध्यान खींचा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं अयोध्या पहुंचकर दीपोत्सव का शुभारंभ किया और राम, सीता, लक्ष्मण व हनुमान के प्रतीक स्वरूपों का पुष्पक विमान (हेलीकॉप्टर) से आगमन हुआ, जिसे देखने हजारों श्रद्धालु उमड़ पड़े।
लेजर और लाइट शो ने राम की पैड़ी को रंग-बिरंगी रोशनी में डुबो दिया। जैसे ही दीयों की ज्योति लहराई, आसमान में उभरती रामायण की झलकियों और भक्ति गीतों ने समा बांध दिया। पूरा घाट एक अद्भुत दृश्य में तब्दील हो गया। श्रद्धालु "जय श्रीराम" के नारे लगाते हुए इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने।
गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की टीम ने ड्रोन तकनीक से दीयों की गिनती कर इसे आधिकारिक रूप से नया रिकॉर्ड घोषित किया। मंच से स्वप्निल दंगारीकर और कंसल्टेंट निश्चल बरोट ने यह घोषणा की, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में उत्साह की लहर दौड़ गई।
इस आयोजन में 30 हजार से अधिक स्वयंसेवकों ने भाग लिया और व्यवस्था को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। देश-विदेश से आए लाखों श्रद्धालु राम जन्मभूमि की पावन भूमि पर दीपों की इस दिव्य छटा को देखने पहुंचे।
दीपोत्सव 2025 ने न केवल एक नया रिकॉर्ड कायम किया बल्कि यह भी साबित किया कि अयोध्या अब केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि सांस्कृतिक विरासत और आस्था का अंतरराष्ट्रीय केंद्र बन चुकी है।

Leave a Reply