Updated On: 22 Oct, 2025

शहडोल ब्रेकिंग: दोहरी हत्या के बाद NH-43 जाम, केशवाही चौकी प्रभारी लाइन हाजिर, परिजन और ग्रामीण न्याय की मांग में सड़कों पर

शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में मंगलवार रात हुई दो सगे भाइयों, राहुल और राकेश तिवारी, की निर्मम हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया। यह घटना केशवाही थाना क्षेत्र के बलबहरा गांव में पुरानी जमीन रंजिश के कारण हुई। तीसरे भाई सतीश तिवारी की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मृतक भाइयों की पहचान राकेश उर्फ सोनू तिवारी और राहुल तिवारी के रूप में हुई है। मंगलवार रात दोनों दीप जलाने के लिए अपनी ऑटो पार्ट्स की दुकान पर पहुंचे थे। तभी गांव के ही अनुराग शर्मा, धनेश शर्मा, नयन पाठक, नीलेश कुशवाहा समेत करीब एक दर्जन लोग हथियार लेकर दुकान में घुस गए और दोनों भाइयों पर बेरहमी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दोनों भाइयों को स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने राकेश को मृत घोषित किया। वहीं, राहुल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

घटना की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण भड़क उठे और बुधवार सुबह बुढार नेशनल हाईवे-43 पर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे जिलाधिकारी से सीधे मिलकर न्याय की मांग करना चाहते हैं। परिजनों ने पुलिस पर आरोप लगाया कि पुलिस कुछ आरोपियों से मिली हुई है, इसलिए वे किसी अधिकारी से बात नहीं करना चाहते। इस कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। सोहागपुर थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पांडे, कोतवाली प्रभारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, मुख्य आरोपी अनुराग शर्मा ने अपने साथियों के साथ थाने में सरेंडर कर दिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, तिवारी और शर्मा परिवार के बीच 2021 से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश ने इस खौफनाक वारदात को जन्म दिया। घटना के दौरान घायल राहुल तिवारी ने अपने मोबाइल में एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने आरोपियों के नाम लिए और कहा — “यह मेरा आखिरी बयान है, इसे ही मेरा बयान माना जाए।”

घटना के बाद केशवाही चौकी प्रभारी आशीष झरिया को शहडोल एसपी ने लाइन हाजिर कर दिया। यह कार्रवाई इलाके में बढ़े तनाव और प्रदर्शन को देखते हुए की गई। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी हुई है और पूरे शहडोल में तनाव का माहौल बना हुआ है।