Updated On: 01 Nov, 2025

कल रात रसमोहनी में फिर घुसे चोर, जैतपुर पुलिस की लापरवाही से बदमाशों के हौसले बुलंद – लगातार चोरियों से गांव में दहशत का माहौल!

शाहडोल: रसमोहनी गांव के सागरटोला टोला में शुक्रवार रात 31 अक्टूबर 2025 को फिर चोरी की कोशिश हुई। इस बार चोरों ने घोघरी के रोजगार सहायक शिवकांत मिश्रा के घर को निशाना बनाया। रात करीब 10 बजकर 50 मिनट पर चोर घर में घुस आए, लेकिन तभी उनके मोबाइल पर कॉल आने से रिंगटोन बज उठी। आवाज सुनते ही घर में मौजूद उनकी पत्नी और बच्चे सजग हो गए और उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को फोन कर बुलाया। उस समय शिवकांत मिश्रा खुद किसी काम से बाहर थे। आवाज सुनते ही चोर घबरा गए और पीछे की दीवार फांदकर भाग निकले।


गांव के लोगों का कहना है कि रसमोहनी सागरटोला में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन जैतपुर पुलिस की लापरवाही ने लोगों को असुरक्षा के साए में धकेल दिया है। करीब 25 एफआईआर दर्ज होने के बावजूद अब तक न कोई कार्रवाई हुई, न किसी संदिग्ध से पूछताछ। पुलिस के रवैये से ग्रामीणों में गहरा आक्रोश और डर दोनों है।


ग्रामीणों ने बताया कि वे कई बार 112 पर कॉल कर चुके हैं, लेकिन हर बार पुलिस केवल औपचारिकता निभाकर लौट जाती है। एक ग्रामीण ने गुस्से में कहा – “हम खुद चोरों को पकड़ने की कोशिश करते हैं, लेकिन पुलिस हमेशा बाद में पहुंचती है। अब तो हमें ही डर लगने लगा है कि कहीं अगली बार ये चोर किसी पर हमला न कर दें।”


गांव में अब भय का माहौल है। महिलाएं और बच्चे रात में नींद के बजाय डर में करवटें बदलते हैं। लोग अब अपने घरों में भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे। हर छोटी आवाज पर दिल दहल उठता है कि कहीं फिर कोई चोरी न हो रही हो।


ग्रामीणों का कहना है कि जैतपुर पुलिस की यह घोर लापरवाही अगर ऐसे ही जारी रही तो आने वाले दिनों में कोई बड़ी अनहोनी से इंकार नहीं किया जा सकता।

गांव का माहौल अब शांति से ज्यादा डर का प्रतीक बन चुका है — लोग पुलिस नहीं, अपने दरवाजों के कुंडों पर भरोसा करने लगे हैं।