शाहरुख खान के जन्मदिन पर फैंस को मिला ‘किंग’ का तोहफा, रिलीज हुआ धमाकेदार टीज़र
बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान ने अपने जन्मदिन पर फैंस को बड़ा तोहफा दिया है। जिस फिल्म का दर्शक लंबे समय से इंतजार कर रहे थे, उस ‘किंग’ का बहुप्रतीक्षित टीज़र आखिरकार रिलीज हो गया है। जैसे ही निर्देशक सिद्धार्थ आनंद और शाहरुख ने इसे सोशल मीडिया पर साझा किया, इंटरनेट पर फैंस का उत्साह चरम पर पहुंच गया।
टीज़र के साथ लिखा गया टैगलाइन – “100 देशों में बदनाम, दुनिया ने दिया सिर्फ एक नाम – किंग” – ने दर्शकों में रोमांच और जिज्ञासा दोनों बढ़ा दिए। फिल्म अगले साल यानी 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
इस टीज़र में शाहरुख का लुक अब तक के सभी किरदारों से बिल्कुल अलग है। सिल्वर बाल, कानों में ईयररिंग और ‘किंग ऑफ हार्ट्स’ कार्ड वाला स्टाइलिश लुक देखकर प्रशंसक दंग रह गए हैं। यह अवतार एक साथ स्टाइलिश, रौबदार और एक्शन से भरपूर दिखाई देता है।
टीज़र की शुरुआत में शाहरुख का एक दमदार डायलॉग है, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है –
> “कितने खून किए? याद नहीं... अच्छे लोग थे या बुरे, कभी पूछा नहीं। बस उनकी आंखों में एहसास देखा कि ये उनकी आखिरी सांस है... और मैं उसकी वजह। हजार जुर्म, सौ देशों में बदनाम, दुनिया ने दिया सिर्फ एक ही नाम – किंग। मैं डर नहीं, दहशत हूं।”
यह डायलॉग सुनते ही फैंस ने सोशल मीडिया पर इसे “शाहरुख का सबसे पावरफुल इंट्रो सीन” बताया है। कई यूजर्स ने लिखा कि “किंग वापस आ गया है, बॉक्स ऑफिस फिर हिलेगा।”
फिल्म ‘किंग’ को सिद्धार्थ आनंद निर्देशित कर रहे हैं, जिन्होंने इससे पहले शाहरुख की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘पठान’ बनाई थी। इस फिल्म में शाहरुख के साथ उनकी बेटी सुहाना खान भी नजर आएंगी। यह उनकी पहली थिएटर रिलीज फिल्म होगी।
फिल्म में दीपिका पादुकोण शाहरुख की एक्स-लवर के किरदार में दिखेंगी, जबकि अभिषेक बच्चन इस बार विलेन की भूमिका में दिखाई देंगे। विवेक ओबेरॉय और रानी मुखर्जी भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
टीज़र देखकर साफ है कि फिल्म एक हाई-ऑक्टेन एक्शन थ्रिलर होगी, जो शाहरुख के ‘जवान’ और ‘पठान’ के बाद उनकी तीसरी मेगा ब्लॉकबस्टर साबित हो सकती है। जन्मदिन पर रिलीज हुए इस टीज़र ने फैंस के लिए दिन को और भी खास बना दिया है।

Leave a Reply