वाहन में हो रहा था अंग्रेजी शराब का परिवहन, दो आरोपी गिरफ्तार, ₹7.31 लाख की शराब व वाहन जब्त
अनुपपुर (राजनगर)
थाना रामनगर पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन और विक्रय पर रोक लगाने के लिए की गई विशेष कार्यवाही के तहत बुधवार की रात बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गश्त के दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर नाकाबंदी कर बोलेरो वाहन से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त की है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि जब्त वाहन और शराब की कुल कीमत ₹7,31,336/- आँकी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 05 नवम्बर 2025 की रात्रि में थाना प्रभारी सुमित कौशिक के निर्देशन में पुलिस टीम गश्त पर थी। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बोलेरो वाहन में अवैध अंग्रेजी शराब परिवहन की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल स्टेडियम तिराहा, राजनगर के पास नाकाबंदी की।
थोड़ी देर बाद एक सफेद रंग की बोलेरो वाहन क्रमांक CG 16 B 3956 तेज रफ्तार से आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की तत्परता से वाहन को घेराबंदी कर रोक लिया गया।
वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को उसमें रखे 16 खाकी रंग के कार्टन में विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस जांच में पाया गया कि शराब के कार्टनों में 8 PM, Iconic, Power 10,000, Officer’s Choice, Royal Stag, McDowell’s, Old Monk और Blenders Pride जैसे नामी ब्रांड शामिल थे। कुल 150.840 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹1,31,364/- आँकी गई है।
पुलिस ने मौके पर ही बोलेरो वाहन और शराब को जब्त कर लिया। बोलेरो वाहन की कीमत ₹6 लाख आँकी गई है। इस तरह जब्त की गई संपत्ति का कुल मूल्य ₹7,31,336/- है।
घटना में शामिल वाहन चालक आरोपी शीतला प्रसाद गुप्ता पिता स्व. रामराज गुप्ता (उम्र 42 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 14 झीमर तथा दीपक कुमार गुप्ता पिता शीतला प्रसाद गुप्ता (उम्र 19 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 14 झीमर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध क्रमांक 301/25 दर्ज कर बोलेरो वाहन एवं शराब जब्त कर अग्रिम विवेचना की जा रही है।
थाना प्रभारी सुमित कौशिक ने बताया कि पुलिस द्वारा क्षेत्र में अवैध शराब के परिवहन और बिक्री पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि शराब तस्करी में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में एएसआई विनोद नाहर, एएसआई उमेश तिवारी, प्रधान आरक्षक सनत द्विवेदी, प्रधान आरक्षक अमित पटेल, आरक्षक अनुराग सिंह, आरक्षक मूरत सिंह एवं थाना स्टाफ का विशेष योगदान रहा।
वरिष्ठ अधिकारियों ने थाना रामनगर पुलिस की इस सफल कार्रवाई की सराहना की है। वहीं स्थानीय नागरिकों ने भी पुलिस की तत्परता की प्रशंसा की है और कहा है कि ऐसे प्रयासों से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर निश्चित रूप से अंकुश लगेगा।

Leave a Reply