रसमोहनी में फिर डीजल चोरी — ड्राइवर ट्रक में सोया था, फिर भी चोरों ने दे दिया वारदात को अंजाम; बीट प्रभारी पर फिर उठे सवाल
जैतपुर (शहडोल):
क्षेत्र के सगरा टोला में बीती रात फिर डीजल चोरी की वारदात सामने आई है। सड़क किनारे खड़े ट्रक से करीब 50 लीटर डीजल चोरी हो गया। चौंकाने वाली बात यह है कि घटना के वक्त चालक ट्रक के अंदर ही सो रहा था, फिर भी चोरों ने बड़ी सफाई से चोरी को अंजाम दिया। यह पुलिस की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है कि आखिर अपराधियों के इतने हौसले बुलंद क्यों हैं।
🔹 रात के सन्नाटे में ट्रक से डीजल गायब
देर रात अज्ञात चोरों ने ट्रक के डीजल टैंक से लगभग 50 लीटर तेल निकाल लिया। सुबह जब चालक ने इंजन स्टार्ट करने की कोशिश की तो टैंक खाली मिला और पास में डीजल के निशान दिखे। ड्राइवर का कहना है कि वह रातभर गाड़ी में ही था, लेकिन चोर इतनी चतुराई से आए कि उसे भनक तक नहीं लगी।
🔹 पुलिस की पुरानी सलाह अब बनी तमाचा
गौरतलब है कि कुछ महीने पहले रसमोहनी और सगरा टोला के बीच हुई बस और से डीजल चोरी की घटनाओं पर जब ग्रामीणों ने सवाल उठाए थे, तो पुलिस का जवाब था – “इतनी महंगी गाड़ियां हैं तो किसी को उसमें सुलाया करो।”
अब खबरटैप इस सवाल का जवाब खुद दे रहा है — “कल की चोरी में ड्राइवर ट्रक के अंदर था, फिर भी डीजल चोरी हो गया, तो अब पुलिस किसे जिम्मेदार ठहराएगी?”
क्या इस बार भी बीट प्रभारी यह कहकर पल्ला झाड़ लेंगे कि “चार महीने मेरी नौकरी बची है”? या फिर कार्रवाई का दम दिखाएंगे?
🔹 ग्रामीणों का आरोप – पुलिस की लापरवाही से बढ़ रहा अपराध
क्षेत्र में बीट प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह पर लगातार लापरवाही के आरोप लग रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि रात्रि गश्त न के बराबर होती है। चोरी, रेत तस्करी, जुआ और पशु तस्करी जैसी गतिविधियाँ लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस हर बार सिर्फ “जांच जारी है” कहकर फाइल बंद कर देती है।
🔹 जनता में गुस्सा और प्रशासन से मांग
स्थानीय लोगों ने जैतपुर थाना प्रभारी और वरिष्ठ अधिकारियों से इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक बीट प्रभारी की जिम्मेदारी तय नहीं होगी, तब तक अपराधियों के हौसले और बढ़ते रहेंगे।
🔹 बड़ा सवाल
क्या पुलिस अब भी “ड्राइवर को सुलाओ” जैसी सलाह तक सीमित रहेगी,
या फिर सगरा टोला की जनता को वास्तविक सुरक्षा का भरोसा दिलाएगी?
“अब हम खुद लोगों से अपील कर रहे हैं — यदि आप रसमोहनी/सगरा टोला में अपनी गाड़ी लेकर आते हैं तो कृपया सावधान रहें, क्योंकि यहाँ पुलिस का नहीं, चोरों का राज चलताहै।”

Leave a Reply