Updated On: 02 Dec, 2025

“इमरान ज़िंदा हैं और डटा हुआ है”—बहन ने जेल की सच्चाई बाहर लाई, आरोपों से पाकिस्तान में हड़कंप

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की हालत को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। मंगलवार को उनकी बहन उज्मा खानुम उनसे अडियाला जेल में मुलाकात कर लौटीं और बाहर आते ही गंभीर आरोप लगाए। उज्मा ने कहा कि इमरान खान “शारीरिक रूप से ठीक” हैं, लेकिन उन्हें पूरी तरह आइसोलेशन में रखा गया है और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।

उज्मा ने पत्रकारों से कहा—
“इमरान खान बहुत गुस्से में थे। उन्हें पूरे दिन एक कमरे में बंद रखा जाता है। किसी से बात करने नहीं दिया जाता। ये सब एक ही शख्स की वजह से हो रहा है—आर्मी चीफ आसिम मुनीर।”

यह पहली बार नहीं है जब परिवार ने ऐसा दावा किया है। इससे पहले 4 नवंबर को उनकी बहन अलीमा मुलाकात के बाद कह चुकी थीं कि इमरान की हालत को लेकर सच बाहर नहीं आने दिया जा रहा। इस बीच सोशल मीडिया पर भी यह दावा वायरल है कि इमरान ने खुद मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार के तौर पर सिर्फ आसिम मुनीर का नाम लिया है।

जेल के बाहर सैलाब जैसा माहौल, नारेबाज़ी से गूँज उठा रावलपिंडी
उधर मुलाकात वाले दिन जेल के बाहर हजारों समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी। “इमरान को रिहा करो!” और “इमरान नहीं झुकेगा!” जैसे नारे पूरे इलाके में गूंजते रहे।
कई जगह पुलिस और समर्थकों के बीच तकरार भी देखने को मिली।

इमरान की बहनों ने जेल स्थितियों को लेकर पिछले हफ्ते इस्लामाबाद हाईकोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया था। उनका आरोप है कि जेल प्रशासन कोर्ट के आदेशों की भी अनदेखी कर रहा है। PTI समर्थकों के विरोध को देखते हुए इस्लामाबाद और रावलपिंडी में दो हफ्ते के लिए धारा-144 लागू कर दी गई है।

दो साल से जेल में, आरोप—भ्रष्टाचार या राजनीतिक बदला?
इमरान खान अगस्त 2023 से अडियाला जेल में बंद हैं। उन्हें नेशनल अकाउंटेबिलिटी ब्यूरो (NAB) ने अल-कादिर ट्रस्ट केस में गिरफ्तार किया था, जिसमें इमरान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी पर भ्रष्टाचार के आरोप हैं।
विपक्ष का कहना है कि यह सिर्फ एक राजनीतिक साजिश है, जबकि सरकार इसे पूरी तरह सही प्रक्रिया बताती है।

इमरान खान की आइसोलेशन, सेहत और सुरक्षा को लेकर सवाल लगातार बढ़ रहे हैं और पाकिस्तान की राजनीति एक बार फिर उथल-पुथल के दौर में प्रवेश करती दिख रही है।