बोतलें फेंकीं, पोस्टर फाड़े गए: कोलकाता में मेसी के कार्यक्रम में हंगामा
कोलकाता में लियोनेल मेसी का बहुप्रतीक्षित दौरा फुटबॉल प्रेमियों के लिए यादगार बनने से पहले ही अव्यवस्था और हंगामे की भेंट चढ़ गया। GOAT इंडिया टूर के तहत 13 दिसंबर को सॉल्ट लेक स्थित विवेकानंद युवभारती स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मेसी की मौजूदगी महज कुछ मिनटों तक ही सीमित रह गई। भारी भीड़, बदइंतजामी और सुरक्षा कारणों के चलते अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर को लगभग 10 मिनट के भीतर ही स्टेडियम से बाहर निकालना पड़ा, जिससे हजारों फैंस निराश होकर लौटे।
सुबह से ही स्टेडियम के बाहर मेसी की एक झलक पाने के लिए फैंस की लंबी कतारें लग चुकी थीं। कई लोग घंटों पहले पहुंच गए थे, लेकिन जैसे-जैसे कार्यक्रम आगे बढ़ा, अव्यवस्थाएं सामने आने लगीं। एंट्री गेट्स पर अवरोध, बैठने की सही व्यवस्था न होना और स्टेज की सीमित विजिबिलिटी ने दर्शकों की नाराजगी बढ़ा दी। बड़ी संख्या में मौजूद फैंस को यह एहसास हुआ कि उन्हें मेसी को नजदीक से देखने का मौका शायद नहीं मिल पाएगा।
हालात तब और बिगड़ गए जब स्टेडियम के अंदर धक्का-मुक्की शुरू हो गई। गुस्साए फैंस ने पोस्टर और होर्डिंग्स फाड़ दिए, कुछ जगहों पर बोतलें भी फेंकी गईं। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और सुरक्षा एजेंसियों को हस्तक्षेप करना पड़ा। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए। इसी बीच आयोजकों ने मेसी की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें वीवीआईपी घेरे में तुरंत बाहर निकालने का फैसला लिया।
मेसी की इतनी संक्षिप्त मौजूदगी ने फैंस की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। सोशल मीडिया पर स्टेडियम के अंदर की अव्यवस्था के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें अफरा-तफरी और असंतोष साफ नजर आ रहा है। कई फैंस ने आयोजकों पर सवाल उठाते हुए बेहतर प्रबंधन की मांग की है।
गौरतलब है कि लियोनेल मेसी का GOAT इंडिया टूर चार शहरों में प्रस्तावित है, जिसमें फैन मीट और विशेष कार्यक्रम शामिल हैं। कोलकाता में पहला आयोजन अव्यवस्था के कारण प्रभावित जरूर हुआ, लेकिन आगे के कार्यक्रमों को लेकर आयोजकों पर अब व्यवस्था सुधारने का दबाव बढ़ गया है। फुटबॉल प्रेमी उम्मीद कर रहे हैं कि आने वाले शहरों में मेसी से जुड़ी उनकी दीवानगी को बेहतर तरीके से सम्मान मिलेगा।

Leave a Reply