नयनतारा के घर को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने शुरू की जांच
साउथ की लेडी सुपरस्टार नयनतारा को लेकर एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। चेन्नई पुलिस को अभिनेत्री के घर को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला है। जानकारी के मुताबिक, यह ईमेल चेन्नई के DGP कार्यालय में भेजा गया था, जिसमें दावा किया गया कि नयनतारा के अलवरपेट स्थित वीनस कॉलोनी वाले घर में बम रखा गया है।
ईमेल मिलते ही तेनाम्पेट पुलिस और बम निरोधक दस्ते की टीम मौके पर पहुंची और घर की पूरी तलाशी ली गई। हालांकि जांच में कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि नहीं मिली। पुलिस इस धमकी को फिलहाल एक झूठा अलर्ट मान रही है, लेकिन मामले को गंभीरता से लेते हुए ईमेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
बताया जा रहा है कि नयनतारा इस समय विदेश में एक फिल्म की शूटिंग में व्यस्त हैं और उनका चेन्नई वाला घर फिलहाल बंद है। पुलिस ने आसपास के इलाके में भी अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था कर दी है।
यह पहली बार नहीं है जब किसी साउथ सेलिब्रिटी को ऐसी धमकी मिली हो। इससे पहले थलापति विजय, त्रिशा और एसवी शेखर को भी इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिल चुके हैं, जिनमें से सभी बाद में फर्जी साबित हुए।
फिल्मी मोर्चे पर बात करें तो नयनतारा जल्द ही अपनी नई फिल्म ‘मुकुथी अम्मान 2’ में नजर आने वाली हैं, जो 2020 में रिलीज हुई ‘मुकुथी अम्मान’ का सीक्वल है। पुलिस का कहना है कि वे धमकी भेजने वाले व्यक्ति का डिजिटल ट्रेल खंगाल रही है ताकि इस शरारत के पीछे कौन है, इसका पता लगाया जा सके।

Leave a Reply