शिल्पा शेट्टी को बड़ा झटका, कोर्ट ने कहा — विदेश जाना है तो पहले 60 करोड़ रुपये जमा करें
बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा की मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रहीं। 60 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी मामले में अब बॉम्बे हाई कोर्ट ने दोनों को विदेश यात्रा की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। कोर्ट ने साफ कहा है कि अगर वे लॉस एंजिल्स या किसी अन्य देश जाना चाहते हैं, तो पहले 60 करोड़ रुपये जमा करने होंगे।
दरअसल, शिल्पा और राज पर एक कारोबारी ने 60 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप लगाया था। शिकायत में कहा गया था कि दंपति ने पैसे लिए लेकिन लौटाए नहीं। इस मामले में मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने जांच शुरू की और उनके खिलाफ Look Out Circular (LOC) जारी कर दिया, ताकि दोनों देश से बाहर न जा सकें।
शिल्पा शेट्टी ने हाल ही में कोर्ट में अर्जी लगाई थी कि उन्हें कोलंबो में एक इवेंट में शामिल होना है और इसके लिए विदेश जाने की अनुमति दी जाए। लेकिन कोर्ट ने उनकी मांग ठुकराते हुए कहा कि पहले वे 60 करोड़ रुपये की राशि जमा करें, तभी विदेश यात्रा पर विचार किया जाएगा।
इस फैसले के बाद शिल्पा का कोलंबो दौरा फिलहाल रद्द हो गया है। वहीं, राज कुंद्रा पहले से ही कई मामलों को लेकर कानूनी झंझटों में फंसे हैं, और अब इस आर्थिक धोखाधड़ी केस ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी है।
फिलहाल EOW इस केस में सबूत जुटाने में लगी है, जबकि अदालत ने कहा है कि अगली सुनवाई में दोनों को अपने वित्तीय लेनदेन का पूरा ब्यौरा पेश करना होगा।

Leave a Reply