अवैध खनन पर पुलिस की सख्त कार्यवाही, खदानों पर दबिश शहडोल जिले के बुढार थाना क्षेत्र
शहडोल जिले के बुढार थाना अंतर्गत केशवाही चौकी इलाके में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सख्ती दिखाई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अभयराज नापित, रामपाल कुशवाहा और दयाराम कुशवाहा द्वारा संचालित अवैध कोयला खदानों पर पुलिस ने अचानक दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान मौके से एक जेसीबी मशीन, एक ट्रैक्टर एवं बड़ी मात्रा में अवैध कोयला जब्त किया गया। इस पूरी कार्रवाई को केशवाही चौकी प्रभारी गंगाराम सिंह मार्को के नेतृत्व में अंजाम दिया गया, जिसमें पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से पहुंचकर खनन गतिविधियों पर रोक लगाई।
बताया जा रहा है कि लंबे समय से क्षेत्र में अवैध कोयला खनन की शिकायतें मिल रही थीं, जिस पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने यह सख्त कदम उठाया। इस कार्रवाई के बाद अवैध खनन में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह की कार्यवाहियां लगातार जारी रहेंगी।
स्थानीय लोगों ने भी इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे क्षेत्र में अवैध खनन पर रोक लगेगी और प्रशासन का भय बना रहेगा।

Leave a Reply