"आधी रात में गांव में घुसा भालू, खेतों में मचाया कहर – गांववालों ने दौड़ाकर भगाया, पर खतरा अब भी बरकरार!"
मध्यप्रदेश के शहडोल जिले के केशवाही वन परिक्षेत्र के बलबहरा गांव में बीते कुछ दिनों से एक भालू का आतंक छाया हुआ है। यह भालू बार-बार रिहायशी इलाके में घुसकर ग्रामीणों के बीच दहशत फैला रहा है। कभी खेतों में, तो कभी मंदिर के पास उसकी मौजूदगी ने पूरे गांव को चौकन्ना कर दिया है।
गांववालों के अनुसार, यह भालू पिछले एक सप्ताह से लगातार दिखाई दे रहा है। कुछ दिन पहले इसे बलबहरा गांव के राम मंदिर के पास देखा गया, जहां स्थानीय लोग एकत्र हुए और शोर मचाकर उसे जंगल की ओर भगा दिया। लेकिन मामला यहीं खत्म नहीं हुआ — अब वही भालू फिर से गांव के किनारे एक खेत में दिखाई दिया। खेत में मौजूद एक युवक ने उसके भागने का वीडियो मोबाइल में कैद किया, जो अब गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है।
इस दौरान भालू ने खेतों में लगी भुट्टे की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कई बार वन विभाग को इसकी जानकारी दी, लेकिन भालू लगातार गांव के आसपास मंडरा रहा है। डर के माहौल में लोग अब रात में खेतों की रखवाली करने से भी कतरा रहे हैं।
वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्र में दो टीमें तैनात की हैं। केशवाही रेंजर अंकुर तिवारी ने बताया कि जैतपुर और केशवाही के पहाड़ों में कई भालू रहते हैं, जो अक्सर भोजन और पानी की तलाश में गांवों की ओर भटक आते हैं। हालांकि, अब तक किसी ग्रामीण को नुकसान नहीं पहुंचा है।
तिवारी ने कहा, “टीमें लगातार गश्त कर रही हैं और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। समय-समय पर मुनादी भी करवाई जा रही है ताकि कोई भी व्यक्ति अकेले जंगल की ओर न जाए।” फिलहाल, भालू फिर से बलबहरा के जंगल की ओर लौट गया है, लेकिन गांव में भय और सस्पेंस का माहौल अभी भी कायम है।

Leave a Reply