अमेरिका के मिसिसिपी में गोलीबारी: हाई स्कूल मैच के बाद 4 की मौत, 12 घायल, इलाके में दहशत
अमेरिका के मिसिसिपी राज्य के लेलैंड टाउन में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक गोलीबारी की घटना सामने आई है। हाई स्कूल फुटबॉल मैच के बाद हुई फायरिंग में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
मैच खत्म होते ही मच गया हड़कंप
स्थानीय पुलिस के अनुसार, घटना उस समय हुई जब लेलैंड हाई स्कूल और चार्ल्सटन हाई स्कूल के बीच घरेलू फुटबॉल मैच समाप्त हुआ था। मैच के बाद बड़ी संख्या में लोग मुख्य सड़क पर मौजूद थे, तभी अचानक गोलीबारी शुरू हो गई। कुछ ही मिनटों में वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
16 लोगों को लगी गोलियां, 4 की मौके पर मौत
सीनेटर डेरिक सिमंस ने बताया कि गोलीबारी में कुल 16 लोगों को गोली लगी, जिनमें से 4 की मौत हो गई है और 12 घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। घायलों में कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है। अभी मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है।
घटनास्थल से मिले हथियार और कारतूस
लेलैंड पुलिस प्रमुख मार्कस टेलर ने बताया कि मौके से कई कारतूस और हथियार बरामद किए गए हैं। जांच एजेंसियां अब आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं, गिरोह की संलिप्तता की आशंका
पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और हमलावरों की तलाश तेज कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि यह गिरोह से जुड़ा मामला या निजी विवाद हो सकता है। फिलहाल पुलिस ने मामले की व्यापक जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply