प्रधानमंत्री मोदी को गाजा शांति सम्मेलन का निमंत्रण, ट्रंप और सीसी करेंगे अध्यक्षता
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाजा शांति सम्मेलन में शामिल होने का न्योता दिया है। यह सम्मेलन 13 अक्टूबर को मिस्र के शर्म-अल-शेख में आयोजित होगा। इसमें 20 से अधिक देशों के नेता हिस्सा लेंगे।
हालांकि, प्रधानमंत्री कार्यालय या मोदी ने अभी तक अपनी भागीदारी की पुष्टि नहीं की है। सूत्रों के अनुसार, यह निमंत्रण प्रधानमंत्री को आखिरी समय पर मिला है। अमेरिका और भारत के बीच चल रहे तनाव के बीच ट्रंप का यह आमंत्रण कूटनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।
मिस्र के राष्ट्रपति कार्यालय ने बताया कि यह सम्मेलन ट्रंप और सीसी की संयुक्त अध्यक्षता में होगा। इसमें संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर, इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी, स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों जैसे कई शीर्ष नेता शामिल होंगे।
मिस्र के मुताबिक, शिखर सम्मेलन का उद्देश्य गाजा पट्टी में युद्ध समाप्त करना और मध्य पूर्व में शांति एवं स्थिरता बहाल करना है। यह ट्रंप की उस पहल का हिस्सा बताया जा रहा है जिसके तहत वे वैश्विक स्तर पर संघर्षों को खत्म करने के प्रयास कर रहे हैं।
इस बीच, हमास ने घोषणा की है कि वह 13 अक्टूबर से इजरायली बंधकों की रिहाई शुरू करेगा। यही वजह है कि इजरायल सम्मेलन में शामिल नहीं होगा।
युद्धविराम के पहले चरण में हमास 20 जीवित बंधक छोड़ेगा, जबकि इजरायल 2,000 फिलिस्तीनी कैदियों को रिहा करेगा। साथ ही, गाजा में हर दिन 400 ट्रकों के माध्यम से सहायता सामग्री पहुंचाने की योजना है।

Leave a Reply